कोलकाता 18 जून (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में इस बार 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अभूतपूर्व और बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। राज्य में नई बीजेपी सरकार के गठन के बाद इस साल केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को नवान्न (सचिवालय) में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राज्यव्यापी तीन दिवसीय रंगारंग कार्यक्रमों की घोषणा की। 19 जून से शुरू होकर यह उत्सव 21 जून तक चलेगा, जिसका मुख्य आकर्षण कोलकाता के रेड रोड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमापूर्ण उपस्थिति होगी। तीन दिवसीय इस उत्सव की शुरुआत शुक्रवार (19 जून) को राज्यव्यापी विशेष मैराथन के साथ होगी, जिसे ‘रन फॉर योगाÓ नाम दिया गया है।
कोलकाता में इस मैराथन का मुख्य केंद्र कोलकाता नगर निगम भवन का आस-पास का इलाका होगा। यह दौड़ निगम के सामने से शुरू होकर महाकरण (राइटर्स बिल्डिंग्स) पर समाप्त होगी। मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी सुबह 06:30 बजे इक_ा होंगे और ठीक सुबह 07:00 बजे दौड़ की शुरुआत होगी। कोलकाता के इस मुख्य रूट के अलावा शहर के 11 अन्य महत्वपूर्ण स्थानों और राज्य के विभिन्न जिलों में भी एक साथ इस मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भारी पंजीकरण पर खुशी जताते हुए सभी से स्वास्थ्य नियमों का पालन करने की अपील की है। कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 20 जून को ‘पश्चिम बंगाल दिवसÓ के अवसर पर राज्य सरकार ने गंगा नदी की लहरों पर एक अनोखे और आधुनिक तकनीक से लैस कार्यक्रम की योजना बनाई है। शनिवार शाम 05:30 बजे गंगा वक्ष पर एक विशेष योग अभ्यास कार्निवल आयोजित होगा, जिसे ‘वंदे योगमÓ नाम दिया गया है। नवान्न सूत्रों के मुताबिक, आधुनिक तकनीक और लेजर शो के जरिए गंगा के दोनों तटों पर एक अलौकिक और आध्यात्मिक माहौल तैयार किया जाएगा। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह का गवाह कोलकाता का ऐतिहासिक रेड रोड बनेगा। इस कार्यक्रम में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहेंगे और आम जनता के साथ योगाभ्यास करेंगे। मंच पर उनके साथ मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। सुबह 06:15 बजे: आम जनता और गणमान्य अतिथियों का आगमन और जमावड़ा होगा तो सुबह 06:45 बजे: प्रधानमंत्री की मौजूदगी में मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरुआत।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शहरवासियों को संबोधित करते हुए कहा, “हम माननीय प्रधानमंत्री का स्वागत इस ऐतिहासिक ‘तिलोत्तमाÓ (कोलकाता) में स्वच्छ भारत के तहत पूरी तरह से स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल माहौल में करना चाहते हैं। इसलिए मेरा आप सभी से विनम्र अनुरोध है कि योग दिवस से पहले अपने-अपने इलाकों को साफ-सुथरा बनाने के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।”
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

