जशपुरनगर, 19 जून (आरएनएस)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जशपुर जिला मुख्यालय में सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक विशिष्ट कम्यूनिटी हॉल में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। डिप्टी कलेक्टर समीर बड़वा को समस्त कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि एसडीएम जशपुर को कानून व्यवस्था, कार्यक्रम की तैयारियां और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ योग पूर्व प्रशिक्षण की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। वहीं जिला आयुष अधिकारी एवं समाज कल्याण विभाग को मंच संचालन, अतिथि आमंत्रण और कार्यक्रम समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।

लोक निर्माण विभाग को टेंट, दरी, कुर्सी, योगा मैट तथा बारिश की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था, खाद्य विभाग को पौष्टिक स्वल्पाहार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल, नगर पालिका को साफ-सफाई और मोबाइल टॉयलेट, उद्यानिकी विभाग को पुष्प सज्जा तथा विद्युत विभाग को माइक एवं विद्युत व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
योगाभ्यास का संचालन शासकीय नवीन आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर के शिक्षक एवं योग प्रशिक्षक डमरूधर स्वर्णकार द्वारा मंच से कराया जाएगा। एनसीसी, स्काउट तथा अन्य छात्र-छात्राओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है।
जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी विकासखंड, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी 21 जून को सुबह 7 बजे सामूहिक योगाभ्यास आयोजित होगा। इसमें पुलिस, जेल, एनसीसी, एनएसएस, स्कूल-कॉलेज के छात्र तथा आम नागरिकों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी विकासखंडों से कार्यक्रम की फोटो एवं रिपोर्ट जिला आयुष अधिकारी के ई-मेल cgayushjashpur@gmail.com या व्हाट्सएप नंबर 9407770442 पर अनिवार्य रूप से भेजी जाए।
बंछोर
000

