कांकेर, 19 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत थाना चारामा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.260 बल्क लीटर अंग्रेजी एवं देशी शराब तथा बिक्री की नगदी रकम जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 जून को थाना चारामा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाजारपारा चारामा निवासी राजेश सोनकर अपने मुर्गा दुकान के पीछे अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से 33 पौवा देशी प्लेन मदिरा तथा 24 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 10 लीटर 260 मिलीलीटर तथा कीमत 5,520 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 600 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी राजेश सोनकर (45 वर्ष), निवासी बाजारपारा चारामा के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, जुआ और आबकारी अधिनियम से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, सहायक उपनिरीक्षक दुष्यंत दीवान, उपनिरीक्षक (प्रशिक्षु) हेमंत मारगिया सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
0

