रायपुर, 19 जून (आरएनएस)। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। विभाग ने उर्वरक की अधिक कीमत वसूलने, जमाखोरी, कालाबाजारी या डायवर्सन की शिकायत दर्ज कराने के लिए 8770482889 और 7974291099 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे निजी विक्रेताओं से खाद या बीज खरीदते समय अनिवार्य रूप से पक्का बिल लें। यदि कोई विक्रेता शासन द्वारा तय मूल्य से अधिक कीमत वसूलता है या अनियमितता करता है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन पर दें।
० जिले में खाद-बीज का पर्याप्त भंडार
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले की सभी 44 सहकारी समितियों में खाद और बीज का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आवश्यकता के अनुसार लगातार भंडारण बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में समितियों में 10,274.240 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध है, जिसमें यूरिया, डीएपी, एनपीके, सुपर फॉस्फेट और पोटाश शामिल हैं। अब तक किसानों को 5,381.840 मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है। धान बीज की बात करें तो समितियों में 7,672.20 क्विंटल बीज उपलब्ध कराया गया है, जिसमें से 2,547.06 क्विंटल किसानों को वितरित किया जा चुका है।
० खाद के निर्धारित दाम
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया कि किसानों से शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत नहीं ली जा सकती। प्रमुख उर्वरकों की निर्धारित कीमतें इस प्रकार हैं—
यूरिया (45 किलो)- 266.50 रुपये
डीएपी – 1,350 रुपये
सुपर फॉस्फेट पाउडर – 551 रुपये
सुपर फॉस्फेट दानेदार- 591 रुपये
जिंकेटेड सुपर फॉस्फेट – 576 रुपये
टीएसपी – 1,300 रुपये
एनपीके (20:20:0:13) – 1,850 रुपये
एनपीके (10:26:26) – 1,990 रुपये
पोटाश – 1,975 रुपये
नैनो यूरिया (500 मिली) – 225 रुपये
नैनो डीएपी – 600 रुपये प्रति बोतल
० कृषि ऋण वितरण में भी बढ़ोतरी
कृषि विभाग के अनुसार, जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से अब तक 11,699 किसानों को 4,270.01 लाख रुपये का कृषि ऋण उपलब्ध कराया गया है। इसमें 3,465.47 लाख रुपये नगद और 804.54 लाख रुपये वस्तु ऋण शामिल हैं। विभाग ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 702.66 लाख रुपये अधिक कृषि ऋण किसानों को वितरित किया गया है। कृषि विभाग का कहना है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद, बीज और ऋण की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

