अंबिकापुर,19 जून (आरएनएस)। सरगुजा रेंज के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट का निरीक्षण कर अनुशासन, कार्यकुशलता और बेहतर पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस विभाग के अनुसार, प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जिले के सभी थाना एवं चौकियों में जनरल परेड आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में थाना उदयपुर, सीतापुर, लुंड्रा तथा रघुनाथपुर चौकी में परेड कराई गई।जनरल परेड के दौरान थाना एवं चौकी प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को ड्यूटी एवं परेड के दौरान साफ-सुथरी वर्दी पहनने, थाना परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशील और
जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए।इसके अलावा थाना प्रभारियों ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।इस अवसर पर थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, थाना प्रभारी सीतापुर उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर.एन. पटेल, थाना लुंड्रा से सहायक उप निरीक्षक एस.आर. साहू सहित संबंधित थाना एवं चौकी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
०००


