कोरिया,19 जून (आरएनएस)। जिले के थाना पटना क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट, अपमानजनक व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पटना पुलिस ने प्रार्थिया की शिकायत पर अपराध क्रमांक 167/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 123, 85, 351(2) एवं 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।शिकायत के अनुसार, जितेन्द्र घसिया (निवासी ग्राम रूनियाडीह, थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर) ने महिला के साथ मारपीट की, अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के सिर के बाल कैंची और ब्लेड से काटकर उसे अपमानित किया तथा उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया।घटना की सूचना मिलते ही थाना पटना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई और उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

