रायगढ़,19 जून (आरएनएस)। घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे की ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन और तांबा तार चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से रेलवे तांबा तार चोरी के तीन मामलों और मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी (उठाईगिरी) के एक मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 178 मीटर रेलवे तांबा तार और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी के तांबा तार को कबाडिय़ों के माध्यम से खपाने की फिराक में हैं। इसके बाद ढोरम बायपास में घेराबंदी कर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे लाइन से तांबा तार चोरी करने और घरघोड़ा में मोटरसाइकिल की डिक्की से 40 हजार रुपये की उठाईगिरी करने की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर मुस्कुरा जंगल में छिपाकर रखा गया 178 मीटर तांबा तार बरामद किया गया। इसके अलावा एक आरोपी से 3 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रेलवे संपत्ति चोरी के चार मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामग्री को घूम-घूमकर खरीदने वाले कबाडिय़ों को बेच दिया जाता था, जबकि वारदात से मिली रकम शराब और अन्य खर्चों में उड़ा दी जाती थी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रेलवे संपत्ति की चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी
मनोज धनवार (28 वर्ष), निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा।
शशिभूषण दास बैरागी (28 वर्ष), निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा।
अजय धनवार (19 वर्ष), निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा।
लखन राठिया (20 वर्ष), निवासी रेंगालबहरी, थाना घरघोड़ा।
बरामदगी
178 मीटर रेलवे तांबा तार
3,000 रुपये नकद
कुल बरामद संपत्ति का मूल्य: 1,41,840 रुपये
पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी होने की जानकारी दी है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

