दक्षिण बंगाल के 10 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट
जगदीश यादव
कोलकाता 19 जून (आरएनएस)। महानगर कोलकाता में आज सुबह से लगातार घंटों की बारिश से जहां जन जीवन पर असर पड़ा। भोर से शुरु बारिश के कारण कोलकाता में जनजीवन प्रभावित हुआ तो वहीं कोलकाता एयरपोर्ट में एक फ्लाइट पर गिरी बिजली लेकिन घटना में सैंकड़ों यात्री सुरक्षित बच गए। लगातार बारिश के कारण महानगर कोलकाता में बेहाली का दृश्य आम रहा। उत्तर कोलकाता के सेंट्रल एवेन्यू, गिरीश पार्क, मानिकतला, ठनठनिया समेत कई क्षेत्रों में भारी जलजमाव हो गया है। दक्षिण कोलकाता के भी कई हिस्से पानी में डूबे हुए हैं। पोर्ट अंचल में भी हाल लगभग एक जैसा ही रहा। जबकि साल्टलेक सेक्टर-5 के कुछ इलाकों में भी पानी भर गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोलकाता नगर निगम सक्रिय हो गया है और कंट्रोल रूम खोलकर जल निकासी के काम में तेजी लाई जा रही है। बता दे कि, गुरुवार रात को महानगर सहित बंगाल के विभिन्न हिस्सों में हुई रुक-रुक कर बारिश के बाद अब फिर से बारिश हो रही है। तापमान में आई गिरावट से स्थानीय लोगों को राहत मिली है, क्योंकि राज्य में एक प्रमुख त्योहारी सप्ताहांत शुरू होने से ठीक पहले क्षेत्रीय मौसम में बदलाव आया है। महानगर कोलकाता के कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कें पानी में डूब गईं। निचले इलाकों में कहीं टखने तक तो कहीं घुटनों तक पानी रहा तो कहीं कमर तक। राज्य के दार्जीलिंग स्थित बालासन नदी पर दूधिया इलाके में बना अस्थायी ह्यूम पाइप पुल बीती रात भारी बारिश की वजह से बह गया। यह पुल सिलिगुड़ी और मिरिक को जोडऩे वाला मुख्य रास्ता था।. भारी बारिश की वजह से नदी में अचानक पानी बढ़ गया, जिससे पुल पूरी तरह से पानी में बह गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को कोलकाता और दक्षिण बंगाल के 10 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया है कि शनिवार को इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया है कि सप्ताहांत में बारिश और तेज होने की संभावना है। तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्व और पश्चिम बर्धमान, पुरुलिया, बांकुड़ा, नदिया, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, हुगली और उत्तर 24 परगना जैसे जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इस बीच, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जैसे इलाकों में पहले से ही मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। यहां कई जगह भूस्खलन हुए हैं। लगातार बारिश से उत्तर बंगाल बुरी तरह प्रभावित है। कार्शियांग के 110 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी इलाकों में कई जगहों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है और कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दो दिनाजपुर और माल्दा में येलो अलर्ट लागू है। वहीं रविवार को अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में रेड अलर्ट रहेगा, जबकि बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

