भिलाई, 19 जून (आरएनएस)। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले 4 से 5 महीनों से योजनाबद्ध तरीके से बीएसपी से निकलने वाले फ्लू डस्ट परिवहन वाहनों में लौह स्क्रैप मिलाकर उसकी चोरी कर रहे थे। चोरी किए गए स्क्रैप को भिलाई के हथखोज स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में अवैध रूप से संग्रहित किया जाता था।
मामले का खुलासा 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान हुआ। पुलिस टीम ने ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में दबिश दी, जहां विभिन्न वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी हुई मिली। परिसर में बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप का भंडारण भी पाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने लगभग 250 टन लौह प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की। इसके अलावा स्क्रैप के परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए जा रहे हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनरी भी जब्त की गई। मामले में अब तक करीब 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
विवेचना के दौरान आकाश कुमार सिंह (29) निवासी जामुल और अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा (45) निवासी सेक्टर-2 भिलाई की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस के मुताबिक गिरोह का उद्देश्य बीएसपी से लौह स्क्रैप चोरी कर अवैध आर्थिक लाभ कमाना था।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और संगठित अपराध में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी चोरी, अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

