परीक्षार्थियों से की अपील निश्चिंत हो कर एग्जाम दें।
केशव सल्होत्रा
जगदलपुर 20 जून (आरएनएस) 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संभाग मुख्यालय में जिले के कलेक्टर एसपी दोनों आला अधिकारियों ने शनिवार को विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने इस दौरान बस्तर हाई स्कूल तथा एमएलबी विद्यालय का दौरा किया। वहां परीक्षा कक्षों, बैठक व्यवस्था,पेयजल,प्रकाश और सुरक्षा के कड़े इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहद गंभीर और सतर्क रहने के निर्देश देते कहा कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की गाइडलाइंस का पालन कराया जाए। विशेष तौर से सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा देने आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
एसपी ने परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बलों को सतर्क रहने कहा। कलेक्टर ने परीक्षा सेंटर के अधिकारियों को कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। ताकि परीक्षार्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें। साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों से भी अपील कि वे निश्चिंत होकर परीक्षा दें। शासन प्रशासन ने परीक्षा को सफल बनाने के सभी प्रकार की जरुरी तैयारियां की हैं ।
परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा शनिवार दोपहर को परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया और तैयारियों की समीक्षा की गई। मॉक ड्रिल के दौरान पेपर को चेस्ट रूम से परीक्षा केंद्र ले जाने, परीक्षा केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए सुविधाएं, बैठने की व्यवस्था, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं को परखा गया। संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के प्रभारी उपस्थित रहे।

