धमतरी, 20 जून (आरएनएस)। जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल लगभग 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास हेरोइन बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 4.76 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद, अन्य सामग्री तथा करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2.30 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हेरोइन की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की कोई भी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

