०जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा एवं विधायक नीलकंठ टेकाम हुए शामिल
कोण्डागांव, 20 जून (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की। इस क्रम में कोण्डागांव जिले के 58,107 किसानों के खातों में कुल 11 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। इस अवसर पर जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत बोरगांव में जिला स्तरीय जैविक मेला, आत्मा मेला एवं पीएम किसान उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा तथा केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रतिवर्ष किसानों को 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे खेती-किसानी में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण और भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है तथा खेतों के लिए लाभकारी जीव-जंतु भी समाप्त होते जा रहे हैं। इसलिए किसानों को जैविक खाद एवं जैविक कीटनाशकों का उपयोग करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत ही विकसित भारत का नींव रखेगा। उन्होंने फसल विविधीकरण पर बल देते हुए धान के बाद चना सहित अन्य दलहनी फसलों की खेती करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि खेती में आए बदलाव और रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग के दुष्परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान देश का गौरव है आर सरकार उनकी सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों एवं आम नागरिकों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार भी किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही है।कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किसानों की जानकारी देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। कार्यक्रम को पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत कसावा प्रदर्शन हेतु स्टार्च एक्सट्रैक्शन मशीन का वितरण किया गया। इसके साथ ही 10 किसानों को जैविक खाद, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के माध्यम से साहीवाल गाय वितरित किए गए 4 हितग्राहियों को अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना चारा फसलों की उपयोगिता योजनांतर्गत ज्वार चारा फसल मिनीकीट तथा आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, बोरगांव द्वारा 5 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए।इस अवसर पर श्री दीपेन्द्र नाग, चंदन साहू, प्रवीर बदेशा, तरुण साना, अंजोरी नेताम, सरपंच चन्द्रकला, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम, उप संचालक कृषि कैलाश मरकाम, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. सुरेश मरकाम, डॉ. हितेश एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के द्वारा दवाइयां का वितरण किया गया। महिला बाल विकास के द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई पुलिस विभाग राजस्व विभाग और जनपद पंचायत भारत गांव का बहुत-बहुत सहयोग रहा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

