०समय पर जांच और जागरूकता ही कैंसर से बचाव का सबसे बड़ा उपाय
कवर्धा, 20 जून (आरएनएस)। जिला अस्पताल कवर्धा में नि:शुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नया रायपुर स्थित बालको मेडिकल सेंटर की विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. दामिनी एवं उनकी टीम ने जांच की। प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए कुल 32 लोगों की जांच की गई। इस दौरान मेमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर जांच, मुख कैंसर परीक्षण (ब्रश साइटोलॉजी) तथा बच्चेदानी के मुख के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की जांच हेतु पेप स्मीयर जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस शिविर में जांच के दौरान सात संभावित मरीजों की पहचान की गई, जिन्हें विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिविर में 12 पुरुष एवं 20 महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इनमें कवर्धा विकासखंड से 25, बोड़ला से 3, सहसपुर लोहारा से 2 तथा अन्य जिलों से 2 लोग शामिल हुए। चिकित्सकों ने कहा कि कैंसर एक गंभीर लेकिन काफी हद तक रोकी जा सकने वाली बीमारी है। तंबाकू एवं धूम्रपान से दूरी, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, शराब से परहेज, आवश्यक टीकाकरण तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के माध्यम से कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। शिविर का मुख्य उद्देश्य जनसमुदाय में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर जांच के माध्यम से रोग की शीघ्र पहचान और रोकथाम सुनिश्चित करना था। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, तंबाकू मुक्त जीवन का संकल्प लें और नियमित स्वास्थ्य जांच कराकर स्वयं एवं अपने परिवार को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।लक्षणों के प्रति रहें सतर्क, समय पर जांच व उपचार सबसे जरूरीविशेषज्ञ चिकित्सकों ने आमजन को कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि स्तन में गांठ, मुंह में लंबे समय तक रहने वाला घाव या अल्सर, लगातार खांसी, अत्यधिक थकान, अचानक वजन कम होना, खून की कमी, गले में गांठ, निगलने में कठिनाई तथा असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षणों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे संकेत दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

