भोपाल,20 जून(आरएनएस)। छोला मंदिर इलाके में 13 वर्षीय 7वीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात को परिचित ने घर में घुसकर अंजाम दिया। शनिवार की सुबह पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। आरोपी को गिरफ्त में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 13 वर्षीय किशोरी स्कूली छात्रा है। आरोपी युवक उसके चाचा का परिचित है, इसलिए उसका घर पर आना-जाना था। 13 जून को छात्रा जब घर में अकेली थी, तभी उसने जान से मारने की धमकी देकर पीडि़ता के साथ रेप किया।
दहशत में आई छात्रा खुद के साथ हुए शोषण के बाद से ही गुमसुम रहने लगी थी। उसकी हालत को देखकर जब परिजनों ने उससे बातचीत की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची पीडि़ता ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी युवक को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है।

