भोपाल,20 जून(आरएनएस)।कोलार थाना क्षेत्र स्थित दानिशकुंज डीके-1 में रहने वाले केंद्रीय गृह मंत्रालय में पदस्थ अधिकारी के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया। आरोपी यहां से करीब 5 लाख रुपए के जेवरात चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन गया हुआ था। शनिवार को परिवार के लौटने पर कोलार थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार, दानिशकुंज निवासी अरुण कुमार राय केंद्रीय गृह मंत्रालय में वरिष्ठ पद पर पदस्थ हैं। उनकी पत्नी ममता राय भाजपा की वरिष्ठ नेत्री हैं। गुरुवार को अरुण कुमार राय अपने परिवार के साथ महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन गए थे। इसी दौरान देर रात करीब 3 से 5 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने घर में रखे आईपैड, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान को हाथ नहीं लगाया। उनका निशाना केवल जेवरात थे। शुक्रवार सुबह जब नौकरानी घर पहुंची तो उसे चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार लौटा और पुलिस को सूचना दी गई।
ममता राय ने बताया कि घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं। हालांकि अंधेरा होने के कारण उनके चेहरे स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में भाजपा नेत्री के भतीजे विजय कुमार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

