टीकमगढ़,20 जून(आरएनएस)। जिला अस्पताल में शनिवार को डिलीवरी के नाम पर पैसों के लेनदेन का मामला सामने आया है। अस्पताल में सक्रिय महिला डॉक्टरों के कई दलाल मरीजों से अवैध वसूली कर रहे हैं। इस पूरे मामले का खुलासा अस्पताल में सक्रिय एक महिला दलाल ने खुद किया है।
दलाल महिलाओं को सोनोग्राफी कराने के बहाने निजी क्लीनिक पर ले जाते हैं। इसके बाद उन्हें संबंधित महिला डॉक्टर के सरकारी बंगले या निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया जाता है। इसके बदले में महिला डॉक्टरों द्वारा दलालों को मोटी रकम दी जाती है।
दलाल ने बताया कि प्रत्येक सोनोग्राफी पर 30 रुपए, बंगले पर मरीज ले जाने पर 100 रुपए और नर्सिंग होम में भर्ती कराने पर 500 से 1000 रुपए तक कमीशन मिलता है। इसके अतिरिक्त, दलालों को महिला डॉक्टर की ओर से 5 हजार रुपए मासिक वेतन भी दिया जाता है। महिला दलाल ने खुद को टीकमगढ़ के लुकमान चौराहे का निवासी बताया है।
इस मामले में सिविल सर्जन डॉक्टर अमित शुक्ला का कहना है कि अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड को दलालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी खुली है, लेकिन कई मामलों में समय रहते पुलिस का सहयोग नहीं मिलता। डिलीवरी के लिए पैसे मांगने की शिकायत अगर कोई करता है तो डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

