उज्जैन,20 जून(आरएनएस)।मोहर्रम से पहले निकलने वाले घोड़ों के जुलूस के दौरान विवाद सामने आया है। शहर के बेगमबाग क्षेत्र में जुलूस में शामिल कुछ युवक आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आने वाले मोहर्रम के जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार यह वीडियो 18 जून की रात का बताया जा रहा है। वीडियो में बेगमबाग क्षेत्र में मोहर्रम के लिए निकलने वाले घोड़े के जुलूस में शामिल एक दर्जन से ज्यादा युवक एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गरीब नवाज से निकलने वाला घोड़ा जुलूस रात करीब 12 बजे घोड़ा कोट मोहल्ला, महाकाल चौराहा और बेगमबाग क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे। घटना के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो में कई युवक हाथों में डंडे लिए नजर आ रहे हैं और एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
इधर, घटना के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मोहर्रम के जुलूस को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम सख्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

