रायसेन,20 जून(आरएनएस)। बेगमगंज में आयोजित शादी में दुल्हन विदिशा जिले के पठारी क्षेत्र की रहने वाली थी, जबकि दूल्हा बेगमगंज का रहने वाला है। शुक्रवार रात अर्चना मैरिज गार्डन में विवाह समारोह हुआ। सभी वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद जब लोग विदाई की तैयारी में जुटे थे, तभी नवविवाहिता अचानक गायब हो गई।
परिजनों को तलाश करने पर पता चला कि दुल्हन अपने कथित प्रेमी के साथ चली गई है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथ शादी में चढ़ाए गए करीब 15 लाख रुपए के गहने और नकदी भी ले गई थी। जानकारी मिलते ही वर पक्ष में हड़कंप मच गया और रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
काफी खोजबीन के बाद दुल्हन और उसका प्रेमी राहतगढ़ तिगड्डे के पास मिल गए। दोनों को पकड़कर बेगमगंज थाने लाया गया। घटना की जानकारी लगते ही दोनों पक्षों के परिजन भी थाने पहुंच गए।
थाने में आपसी सहमति से स्टांप पर लिखित समझौता किया गया, जिसमें दोनों पक्षों ने वैवाहिक संबंध समाप्त करने पर सहमति जताई। इसके बाद दुल्हन अपने परिजनों के साथ मायके रवाना हो गई। वहीं दूल्हे और उसके परिवार के लिए यह शादी एक रात में ही टूट गई।
शादी के कुछ घंटों बाद ही दुल्हन के प्रेमी के साथ फरार होने और फिर पकड़कर थाने लाए जाने की घटना पूरे बेगमगंज क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण पुलिस में किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं कराया गया।

