रायपुर, 21 जून (आरएनएस)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि योग भारत की अनमोल सांस्कृतिक धरोहर और समृद्ध जीवनशैली का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने का सबसे सरल, प्रभावी और प्राकृतिक उपाय योग है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन, बुद्धि और भावनाओं को भी सशक्त बनाकर व्यक्ति के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर राज्यपाल ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति के संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की। योग दिवस कार्यक्रम में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, विधायक अनुज शर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, संभागायुक्त डॉ. संजीव शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

