0 12वां विश्व योग दिवस
सुकमा, 21 जून (आरएनएस)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं प्रेरणा से आयोजित 12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय सुकमा स्थित ज्ञानोदय आत्मानंद स्कूल कुम्हाररास में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिला आयोग सदस्य सुदीपिका सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, उपाध्यक्ष श्रीमती भुनेश्वरी यादव, जिला पंचायत सदस्य कोरसा सन्नू, सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया, जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सामूहिक योगाभ्यास के दौरान योग प्रशिक्षक पंडित रामनारायण मिश्रा द्वारा विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसमें ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, प्राणायाम एवं ध्यान सहित अनेक योग क्रियाएं कराई गईं। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि महेश कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को आज पूरी दुनिया में पहचान मिली है। योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को शांति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए और नियमित रूप से इसका अभ्यास करना चाहिए। कश्यप ने विभिन्न आसनों के माध्यम से योगाभ्यास किया तथा। कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने जिलेवासियों को निरोगी जीवन, मानसिक शांति और स्वस्थ समाज निर्माण के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया गया।
महिला आयोग सदस्य सुदीपिका सोरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और कार्यक्षमता बेहतर होती है। उन्होंने कहा कि आज गौरव का दिवस है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व योग कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट योग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही हम विकास में अग्रणी रहेंगे और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे। वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे ने कहा कि योग सनातन परंपरा को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया है। योग केवल एक दिन का अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। योग से मन शुद्ध एवं मजबूत होता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग में संविदा भर्ती में नियुक्त स्वास्थ्य कर्मचारियों को सांसद महेश कश्यप के द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इस दौरान सांसद कश्यप के द्वारा नागरिकों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कलेक्टर अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर, जिला खेल अधिकारी विरुपाक्ष पौराणिक, उप संचालक समाज कल्याण संजय पांडे, आयुष अधिकारी डॉ. गौतम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी उपस्थित रहे।
0

