0 विधायक पुन्नूलाल मोहले और एसएसपी भोजराम पटेल ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
मुंगेली, 21 जून (आरएनएस)। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन मुंगेली के संयुक्त तत्वावधान में जिला मंडी परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक पुन्नूलाल मोहले एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की उपस्थिति में योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संदेश दिया गया।

विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि योग केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है। उन्होंने आमजन से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस के इस आयोजन ने लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
0

