कोलकाता/जलपाईगुड़ी,21 जून(आरएनएस)। बंगाल में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच आज सुबह एक बड़ा और बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत उल्लाडाबरी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सरकारी बस और खड़े ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस भयावह दुर्घटना में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह आसमान में काले बादल छाए हुए थे और उत्तर से लेकर दक्षिण बंगाल तक गरज-चमक के साथ बारिश हो रही थी। इसी बारिश और गीली सड़क के बीच उत्तर बंगाल राजकीय परिवहन निगम की एक सीएनजी बस मयनागुड़ी उल्लाडाबरी इलाके से गुजर रही थी। तभी बस ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह दुमड़-मुचड़ गया।
घटना की जानकारी देते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 5 लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। घायलों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मयनागुड़ी थाने की पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। करीब 40 से अधिक गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत मयनागुड़ी अस्पताल और जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के अनुसार, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मृतकों में दो जमुना रॉय और सजल सरकार मयनागुड़ी के रहने वाले हैं। बाकी में कूचबिहार के शुभंकर शील और सिलीगुड़ी के पम्पा दास साहा शामिल हैं। एक व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो पाई है. हादसा कैसे हुआ ये अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि बस ने नियंत्रण खो दिया या ड्राइवर की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई, इसकी जांच की जाएगी। बहरहाल यह सड़क हादसा ऐसे समय में हुआ है जब पूरा उत्तर बंगाल पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

