अल्लू अर्जुन की बहुप्रतीक्षित फिल्म राका को लेकर लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म के निर्देशन की कमान एटली ने संभाली है, जो जवान, थेरी और बेबी जॉन जैसी फिल्में दे चुके हैं। अभिनेता का पहला पोस्टर कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर जारी किया गया था। अब फिल्म की रिलीज तारीख को लेकर ताजा अपडेट आया है, जिसके अनुसार निर्माताओं की नजरें 2027 पर टिकी हैं। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
रिपोर्ट के अनुसार, निर्माता दिसंबर, 2027 तक राका को रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ, तो इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शूटिंग इस साल के आखिर तक पूरी हो सकती है। इससे पहले खबर थी कि दौड़-भाग से बचने के लिए अल्लू मुंबई में शिफ्ट होंगे। रिपोर्ट में कहा गया था कि राका में गहन एकाग्रता की जरूरत है, इसलिए बार-बार यात्रा करना अभिनेता के लिए चुनौती बन सकता है।
राका में अल्लू के साथ पहली बार दीपिका पादुकोण मुख्य किरदार में नजर आएंगी। उनके अलावा, मृणाल ठाकुर, रश्मिका मंदाना और जाह्नवी कपूर फिल्म में अहम किरदार निभाती दिखाई देंगी। फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स कर रहा है और इसका बजट लगभग 700 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है। टीम मुंबई के एक स्टूडियो में जल्द ही शूटिंग शेड्यूल शुरू करेगी। राका के अलावा अल्लू के पास लोकेश अनगराज की अनाम फिल्म और पुष्पा 3 भी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

