कन्नड़ सुपरस्टार यश ने फादर्स डे पर अपने फैंस को तोहफा दिया है. उन्होंने अपनी आने वाली एक्शन फिल्म टॉक्सिक की नई तारीख का एलान किया है. इस अपडेट ने फैंस के उत्साह को बढ़ा दिया है.
फैंस यश की फिल्म टॉक्सिक की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि फिल्म की रिलीज कई बार टल चुकी है. पहले इसे 19 मार्च को रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में इसे 4 जून के लिए टाल दिया गया. हालांकि, उस तारीख पर भी फिल्म रिलीज नहीं हो पाई और तब से कोई नई घोषणा नहीं हुई है. लेकिन मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट का एलान कर दिया है.
रविवार को यश ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर टॉक्सिक का नया पोस्टर शेयर किया है और फिल्म की रिलीज डेट के बारे में अपडेट दिया. उन्होंने कैप्शन में रिलीज डेट का खुलासा करते हुए लिखा है, अपने पिता का सम्मान करें… टॉक्सिक दुनिया भर के सिनेमाघरों में 26-08-2026 से.
महीनों पहले यश ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी करके दूसरी बार हुई देरी के बारे में बताया. उन्होंने लिखा, कुछ फिल्में हम बनाते हैं, और कुछ फिल्में हमें याद दिलाती हैं कि हमें सिनेमा से प्यार क्यों हुआ. टॉक्सिक भी ऐसी ही एक यात्रा रही है. सिनेमाकॉन में अपनी फिल्म को पेश करना और दुनिया भर से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स को देखना इस बात की पुष्टि करता है कि हम हमेशा से क्या मानते आए हैं कि यह फिल्म दुनिया भर में अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने की हकदार है.
गीतू मोहनदास की डायरेक्ट की हुई फिल्म टॉक्सिक की शूटिंग कन्नड़ और अंग्रेज़ी में एक साथ की गई है. फिल्म के हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम डब वर्शन भी प्लान किए गए हैं. यह फिल्म गोवा पर आधारित है और 1940 से 1970 के दशक तक फैले एक ड्रग कार्टेल के उभार की कहानी दिखाती है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश इसमें डबल रोल निभा रहे हैं और उन्होंने मोहनदास के साथ मिलकर इसकी स्क्रिप्ट भी लिखी है.
टॉक्सिक में यश अहम भूमिका में हैं. इस फिल्म को और भी खास बनाती है इसमें शामिल महिला किरदारों की दमदार लिस्ट. नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया जैसी हसीनाएं इसमें अहम भूमिकाएं निभा रही हैं. फिलहाल यह फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. वहीं 28 अगस्त को श्रद्धा कपूर की फिल्म ईथा को रिलीज होगी. यह देखना और भी दिलचस्प होगा कि क्या श्रद्धा की फिल्म रिलीज होने से पहले यश का एक्शन ड्रामा बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ पाएगी या नहीं.
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

