पंजाबी सिनेमा के जाने-माने एक्टर गिप्पी ग्रेवाल अपनी सुपरहिट कॉमेडी फ्रैंचाइजी कैरी ऑन जट्टा की चौथी फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसका दर्शक बड़े ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. स्मीप कांग इस फिल्म के डायरेक्टर हैं. अब फाइनली फिल्म कैरी ऑन जट्टा 4 का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसे सोशल मीडिया पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. कॉमेडी से भरपूर इस ट्रेलर को लोग काफी पसंद कर रहे हैं.
ट्रेलर की शुरुआत गुरप्रीत गुग्गी से होती है, जो जसविंदर भल्ला जी की मौत का दुख मना रहे हैं. इसके बाद गिप्पी और बिन्नू ढिल्लों अपने पुराने किरदारों में एंट्री मारते हैं. पूरी कहानी तब उलझ जाती है, जब गिप्पी अपना प्यार पाने के लिए एक झूठ बोल देते हैं. उनके इस एक झूठ को छुपाने के लिए पूरी स्टारकास्ट को एक के बाद एक कई झूठ बोलने पड़ते हैं.
इससे कहानी में खूब सारी गलतफहमियां और मजेदार सीन बनते हैं, जो सबको बहुत हंसाते हैं. कुल मिलाकर ट्रेलर में जबरदस्त कॉमेडी है. साथ ही मेकर्स ने इस ट्रेलर के जरिए दिवंगत दिग्गज कॉमेडियन जसविंदर भल्ला को भावुक श्रद्धांजलि दी है, जो इस फ्रैंचाइजी का हिस्सा रहे थे.
गिप्पी ग्रेवाल के अलावा इस फिल्म में बिन्नू ढिल्लों, सरगुन मेहता और गुरप्रीत घुग्गी जैसे एक्टर्स नजर आएंगे. करमजीत अनमोल, प्रिंस कंवलजीत सिंह, पुखराज भल्ला, बीएन शर्मा, शिंदा ग्रेवाल, जैस्मीन बाजवा, भाना एलए, सीमा कौशल, स्वीटाज बराड़, पवन जोहल और जस्सी लोंगोवालिया जैसे कलाकार भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. गिप्पी ग्रेवाल और रवनीत कौर ग्रेवाल फिल्म के प्रोड्यूसर हैं. ये फिल्म 26 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

