सिमगा, 22 जून (आरएनएस)। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में आम नागरिकों की शिकायतों और सूचनाओं के त्वरित निराकरण के लिए शुरू की गई समाधान सेल एक बार फिर प्रभावी साबित हुई है। समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर सिमगा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 38 पाव देशी मसाला शराब और एक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में 21 जून को समाधान सेल हेल्पलाइन पर सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति ग्राम मर्राकोना रोड पर अवैध शराब बिक्री के लिए शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना सिमगा के पुलिस सहायता केंद्र लिमतरा की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी बिरेन्द्र निषाद (42 वर्ष) निवासी ग्राम मर्राकोना को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 38 पाव देशी मसाला शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी क्रमांक CG 22 Y 3987 भी जब्त कर ली।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समाधान सेल के माध्यम से नागरिक किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना अथवा आपराधिक गतिविधियों की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के जरिए दे सकते हैं। इस पहल के माध्यम से अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में लगातार सफलता मिल रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल समाधान सेल को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
0

