बिलासपुर, 22 जून (आरएनएस)। शहर में अपराध, गुंडागर्दी और चाकूबाजी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने सोमवार सुबह सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन रेड और चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 85 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर सत्यापन और पूछताछ की गई, जबकि 56 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित पुलिस टीमों ने निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की।
25 आरोपियों को भेजा गया जेल
जांच के बाद 56 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 25 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
4 लोगों से मिले अवैध धारदार हथियार
अभियान के दौरान चार व्यक्ति अवैध धारदार हथियारों के साथ पकड़े गए। उनके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अपराधियों को दी गई कड़ी चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, लोगों में भय उत्पन्न करने, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने पर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि आवश्यकता पडऩे पर ऐसे तत्वों के खिलाफ जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई और अन्य सख्त कानूनी प्रावधानों के तहत भी कदम उठाए जाएंगे।
नागरिकों से सहयोग की अपील
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध, गुंडागर्दी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
0

