-मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बरकरार
अयोध्या,22 जून(आरएनएस)। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद नकद दान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है। मंदिर से जुड़े कर्मचारियों के अनुसार, पहले सामान्य दिनों में दानपेटियों से प्रतिदिन 8 से 12 लाख रुपये तक निकलते थे, जबकि 15 से 19 जून के बीच यह राशि घटकर रोजाना लगभग 85 हजार से 95 हजार रुपये रह गई। यानी नकद चढ़ावा एक लाख रुपये से भी कम हो गया। हालांकि, मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कोई खास कमी नहीं आई है। कर्मचारियों के अनुसार, विवाद के बाद भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालुओं का कहना है कि घटना से उन्हें दुख हुआ है और अब वे दानपेटी के बजाय ऑनलाइन दान को प्राथमिकता देने पर विचार कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, चढ़ावा चोरी मामले की जांच के बाद दानपेटियों की गिनती से लेकर बैंक में राशि जमा करने तक की व्यवस्था को और सख्त किया गया है। निगरानी भी बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 5 फरवरी 2020 से मंदिर ट्रस्ट के गठन के बाद राम मंदिर को हजारों करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ। वहीं, प्राण-प्रतिष्ठा के बाद शुरुआती महीनों में चढ़ावे की राशि काफी अधिक रही, लेकिन समय के साथ इसमें कमी दर्ज की गई। अब चोरी के विवाद के बाद नकद चढ़ावे में और गिरावट सामने आई है, जबकि श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर में आने वालों की संख्या पहले की तरह बनी हुई है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

