लखनऊ 22 जून (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का चरित्र बेईमानी का है और अयोध्या में भगवान राम के चढ़ावे में हुई कथित चोरी एवं अनियमितताओं पर उसके पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है और इस मामले में सीसीटीवी फुटेज तक गायब हैं।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में कन्नौज सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा साजिश और षड्यंत्र की राजनीति करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि भाजपा की हर चाल पर नजर रखने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।अखिलेश यादव ने कहा कि यह लोकतंत्र की परीक्षा का समय है। भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और संविधान विरोधी कार्य करने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को समाप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों ने हमेशा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया है और आगे भी हर लड़ाई लडऩे के लिए तैयार हैं।उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी का भरपूर समर्थन किया और पार्टी प्रदेश में सबसे मजबूत राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी। भाजपा यह जानती है कि समाजवादी पार्टी उसे चुनाव में पराजित कर सकती है, इसलिए वह विभिन्न प्रकार के हथकंडे अपना रही है।अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं तथा आम जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा तकनीक का दुरुपयोग करती है और मतदाता सूची में गड़बड़ी कर सकती है, इसलिए विशेष सतर्कता की आवश्यकता है।योग दिवस के संदर्भ में उन्होंने कहा कि स्वस्थ विचार और स्वस्थ शरीर ही वास्तविक योग का आधार हैं, लेकिन भाजपा ने योग को राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम बना दिया है। उन्होंने कहा कि योग को राजनीति से जोडऩा उसकी मूल भावना के विपरीत है।कन्नौज का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह क्षेत्र शुरू से समाजवादियों का गढ़ रहा है और समाजवादी सरकारों ने यहां विकास के अनेक कार्य किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कन्नौज के विकास की गति रोक दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है और उसका इतिहास जनता को धोखा देने का रहा है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को समाज के सभी वर्गों का समर्थन मिलता है और पीडीए की अवधारणा के माध्यम से सामाजिक न्याय को मजबूत किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन में सभी का सम्मान होना चाहिए और भाषा तथा व्यवहार ऐसा हो जिससे किसी की भावना आहत न हो।अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। मेडिकल कॉलेजों और पैरामेडिकल संस्थानों को उच्च स्तर का बनाया जाएगा तथा अस्पतालों में आने वाले मरीजों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने किसानों के हितों को प्राथमिकता देने का वादा करते हुए कहा कि सिंचाई और बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा तथा मक्का और आलू उत्पादकों के शोषण पर रोक लगेगी।उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार द्वारा स्थापित कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट फिर से संचालित किया जाएगा और गाय के दूध का मूल्य भैंस के दूध से अधिक दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही किसानों की शिकायतों का 15 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा उनके हित में नई योजनाएं लागू की जाएंगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

