लखनऊ 22 जून (आरएनएस )। राजधानी लखनऊ के पुरनिया, अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 14 छात्र-छात्राओं की जिंदा जलकर हुई दर्दनाक मौत पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतक छात्रों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।अजय राय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वह उन्हें इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल हुए छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस अग्निकांड की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाना आवश्यक है।अजय राय ने राज्य सरकार से मांग की कि हादसे में घायल लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए तथा मृतक छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद पीडि़त परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि यह घटना शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर स्थिति को उजागर करती है और इसके मद्देनजर प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों तथा अन्य शिक्षण संस्थाओं की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जानी चाहिए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

