हरिद्वार 22 जून (आरएनएस)। उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में करीब 20 हजार की आबादी को 27 घंटे पीने का पानी नहीं मिला। इस दौरान पानी की सप्लाई बंद होने से लोगों को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ी। भीषण गर्मी में लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। साथ ही पानी की वैकल्पिक व्यवस्था अपने स्तर से करनी पड़ी। सोमवार रात को पानी की सप्लाई बहाल होने के बाद क्षेत्र के लोगों को राहत मिली। पंपिंग स्टेशन की मोटर खराब होने के कारण पानी की सप्लाई बाधित हो गई थी। उत्तरी हरिद्वार में कृष्णा गली पंपिंग स्टेशन की मोटर रविवार शाम सात बजे के करीब खराब हो गई। अत्यधिक गर्म होने की वजह से मोटर की कॉइल जल गई। मोटर खराब होने के बाद ओवरहेड टैंक तक पानी की सप्लाई बाधित हो गई। इस दौरान राइजिंग पाइप लाइन से ओवरहेड टैंक तक पानी नहीं पहुंच सका। देर रात को ओवरहेड टैंक का पानी भी समाप्त हो गया। इसके बाद गंगाधर महादेव नगर, बसंत कॉलोनी, रेलवे फाटक कॉलोनी, इंद्रा बस्ती, नई बस्ती, इंद्रा कॉलोनी, खडख़ड़ी, कुंज गली, रानी गली, सुखी नदी क्षेत्र, भीमगोड़ा आदि में लोगों को घर पर नल से जल नहीं मिला। सुबह के समय लोगों पर पानी की किल्लत बन गई। इस दौरान लोगों के जरूरी काम अधूरे रहे। सोमवार को सुबह के समय उत्तराखंड जल संस्थान के कर्मचारियों ने खराब मोटर को बदलने का काम शुरू किया। मरम्मत काम पूरा करने में कर्मचारियों को रात 10 बजे तक का समय लग गया। काम पूरा होने के बाद रात 10 बजे के बाद क्षेत्र में पानी की सप्लाई सुचारू हो सकी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

