हरिद्वार 22 जून (आरएनएस)। विश्व ओलंपिक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित गोल्डन माइल रन में खिलाडिय़ों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। सीनियर वर्ग में रिया रानी और सागर पाल ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। विश्व ओलंपिक दिवस की पूर्व संध्या पर नव युवा कल्याण समिति लक्सर एवं जिला एथलेटिक एसो. हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन गोल्डन माइल रन का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जस्सी स्पोट्र्स अकादमी भोगपुर के अध्यक्ष दीपक कुमार ने झंडा चौक भोगपुर से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ का समापन अकादमी के खेल मैदान में हुआ। सीनियर बालिका वर्ग में रिया रानी ने प्रथम, अंजलि ने द्वितीय तथा कहकशा बसर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर बालक वर्ग में बग्गावाला (भगवानपुर) के सागर पाल प्रथम, बहादराबाद के रहमान द्वितीय और रायगढ़ के वंश कुमार तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के विजेताओं को नव युवा कल्याण समिति के सत्यपाल कुमार, सीमा रानी और दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से मेडल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ खिलाडिय़ों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने बताया कि 23 जून को विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज, मायापुर के खेल मैदान में बालिकाओं की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें केवल हरिद्वार जनपद की खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता के समापन पर नवनियुक्त राज्य मंत्री नितिन गौतम तथा गोरखा समाज के राज्य सदस्य पदम प्रसाद सुवेदी का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार, अकादमी अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, जिला एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, आदेश सैनी, डॉ. धूम सिंह, हिमांशु चोपड़ा, पदमा पांडे आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

