बुरहानपुर 22 जून (आरएनएस)।आदिवासी समाज के सैकड़ों लोगों ने सोमवार को नेपानगर में रैली निकालकर वनाधिकार कानून के तहत पट्टे नहीं मिलने और नकली खाद-बीज की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान समाज के लोगों ने “आमू आखा एक छे” के नारे लगाए।
सभी लोग नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पर एकत्रित हुए, जहां से शहर में रैली निकाली गई। रैली बस स्टैंड और मातापुर बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पहुंची, जहां एक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसके बाद समाज के प्रतिनिधियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
आदिवासी एकता संगठन के कार्यकर्ता रूम सिंह चौहान ने बताया कि जिले में वनाधिकार के लिए 12 हजार दावे किए गए थे, लेकिन केवल 25 प्रतिशत पात्र लोगों को ही पट्टे मिले हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में लागू वनाधिकार कानून का क्रियान्वयन ग्राम, उपखंड और जिला स्तर पर सही ढंग से नहीं हो रहा है।
चौहान ने आरोप लगाया कि जिला स्तरीय समिति ने कई दावों को निरस्त कर दिया है और अब तक एक भी सामुदायिक अधिकार का पट्टा नहीं दिया गया है।
उन्होंने बताया कि आदिवासी किसानों को 1100 से 2300 रुपये तक की कीमत पर खाद-बीज मिल रहा है, जिसमें नकली उत्पादों की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने नकली खाद-बीज की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।

