भिलाई, 23 जून (आरएनएस)। दुर्ग जिले के भिलाई शहर में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। सुपेला थाना क्षेत्र के कैंप-1 स्थित वृंदा नगर (इंदिरा नगर) में कॉलेज के पास अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के गले पर कटर/चाकू से कई वार किए और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के बाद युवक खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिर पड़ा। गले की गंभीर चोट के कारण अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई। आसपास मौजूद लोगों और उसके दोस्तों ने तत्काल उसे सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने के लिए लगातार उपचार कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
बंछोर
000

