बलौदाबाजार-भाटापारा 23 जून (आरएनएस) युवा देश का भविष्य हैं, लेकिन कई बार जल्दबाजी, गलत संगत और आवेश में लिए गए फैसले उन्हें अपराध की राह पर ले जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने युवाओं और नागरिकों से जागरूक एवं जिम्मेदार बनने की अपील की है।
पुलिस ने अपने संदेश में कहा है कि माता-पिता की सीख और अनुभव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। कई बार युवाओं को उनकी बातें रोक-टोक जैसी लग सकती हैं, लेकिन वास्तव में वही सलाह उन्हें गलत रास्तों, कानूनी परेशानियों और अपराध के दलदल में फंसने से बचाती है।
पुलिस ने युवाओं से पांच महत्वपूर्ण बातों को जीवन में अपनाने का आग्रह किया है। इनमें माता-पिता का सम्मान करना, गलत संगत से दूरी बनाए रखना, किसी भी प्रकार के अपराध से दूर रहना, कानून का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनना तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना शामिल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गलत मित्र मंडली, नशे की लत और त्वरित लाभ की चाहत कई युवाओं को ऐसे रास्ते पर ले जाती है, जहां से लौटना मुश्किल हो जाता है। एक छोटी सी गलती न केवल व्यक्ति का भविष्य प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक असर डालती है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का सम्मान करें, सामाजिक मूल्यों को अपनाएं और युवाओं को सही दिशा देने में अपनी भूमिका निभाएं। पुलिस का मानना है कि जागरूकता, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सुरक्षित एवं बेहतर समाज की नींव है।
पुलिस का संदेश:
“आज लिया गया सही निर्णय, कल के सुरक्षित और सफल भविष्य की गारंटी बन सकता है।”

