कोरबा 23 जून (आरएनएस)। शहर में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब दर्री रोड स्थित दो दुकानों में चोरी की वारदात सामने आई। कोरबा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्री रोड पर संचालित विशाल ट्रेडर्स और संतोष ट्रेडर्स को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। दोनों दुकानों में शटर तोड़कर चोरी की गई है।
जानकारी के अनुसार, दर्री रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष गजानंद अग्रवाल ने सुबह विशाल ट्रेडर्स का शटर क्षतिग्रस्त देखा और इसकी सूचना संचालक को दी। कुछ ही देर में पास स्थित संतोष ट्रेडर्स में भी चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
विशाल ट्रेडर्स में चोरों ने गोदाम का शटर करीब डेढ़ फीट तक तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन मुख्य दुकान तक नहीं पहुंच सके, जिससे वहां से कोई खास सामान चोरी नहीं हो पाया। बताया जा रहा है कि चोर रात करीब 1.30 बजे यहां घुसे थे। एक चोर का चेहरा खुला था जबकि दूसरे ने गमछे से चेहरा ढका हुआ था।
इसके बाद चोर संतोष ट्रेडर्स पहुंचे, जहां से उन्होंने गल्ले में रखी करीब 10 से 15 हजार रुपए नगदी पार कर दी। इस दौरान दोनों चोरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। दोनों वारदातें दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। डॉग स्क्वाड की मदद से भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।
इसी रात उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैसमा बाजार चैक के पास स्थित महामाया होटल में भी चोरी की वारदात सामने आई। रात करीब 3.50 बजे दो चोर होटल में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। यह घटना भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
एक ही रात में तीन अलग-अलग जगहों पर चोरी की घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। खासकर व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकडऩे का दावा किया है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

