कोण्डागांव, 23 जून (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से बस्तर मुन्ने एवं सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की और प्राथमिकता के आधार पर आवेदनों पर कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।कलेक्टर ने कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना तथा एग्रीस्टैक के अंतर्गत किसानों के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा कृषक उन्नति योजना के क्रियान्वयन की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विद्यालयों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने तथा विद्यार्थियों की अपार आईडी से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा।श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न विभागों द्वारा निर्माणाधीन भवनों में कार्यरत सभी श्रमिकों का अनिवार्य रूप से श्रम पंजीयन कराया जाए। जिन श्रमिकों का पंजीयन अभी तक नहीं हुआ है, उनका शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे शासन की श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। नगरपालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नगरीय क्षेत्र की रिक्त दुकानों की नीलामी कर उनका संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख वितरण, महतारी वंदन योजना, मातृ वंदना योजना, सूर्य घर योजना तथा विद्युत विभाग द्वारा निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्रों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

