रुद्रपुर 23 जून (आरएनएस)। थाना पुलभट्टा क्षेत्र अंतर्गत एनएच-74 पर दरऊ चौक के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक पेंटर की मौत हो गई। पुलभट्टा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय मो. यासीन पुत्र मो. उमर निवासी सिरौलीकलां घरों में पेंटिंग का काम करता था। मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह चाय पीने के लिए दरऊ चौक जा रहा था। इसी दौरान एनएच-74 पर सुरेंद्रा पेट्रोल पंप के सामने वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे एक डंपर ने भी उसे कुचल दिया। हादसे में यासीन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

