रुद्रपुर 23 जून (आरएनएस)। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। कांग्रेसी जुलूस की शक्ल में तहसील कार्यालय पहुंचे और वहां धरना दिया। बाद में एसडीएम गौरव पांडे के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की कमियों के कारण युवा वर्ग चिंतित और निराश है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त बनाया जाए। साथ ही पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, निरस्त परीक्षाओं का शीघ्र पुन: आयोजन कराने, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, रिक्त सरकारी पदों पर नियमित भर्ती अभियान चलाने और युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग उठाई। धरने में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, राजेश प्रताप सिंह, गुलशन सिंधी, ओमप्रकाश दुआ, एनयू खान, अशोक मित्रा, नितिन शर्मा, दानिश मलिक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

