0 एनएचआई टीम से समन्वय कर समाधान के निर्देश
रायपुर, 23 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए महापौर मीनल चौबे लगातार मैदानी निरीक्षण कर रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को महापौर ने नगर निगम जोन क्रमांक-8 अंतर्गत टाटीबंध स्थित श्री राम स्टील और केडिया इंडस्ट्रीज के पास सर्विस रोड का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सर्विस रोड और मुख्य मार्ग के लेवल में अंतर होने के कारण बारिश के दौरान सर्विस रोड पर पानी भर जाता है। इसके अलावा कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त हैं तथा उनकी क्षमता भी पर्याप्त नहीं है, जिससे जल निकासी प्रभावित होती है और जलभराव की स्थिति निर्मित होती है।
महापौर मीनल चौबे ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नेशनल हाईवे की तकनीकी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।
नगर निगम आयुक्त द्वारा भी पूर्व में नेशनल हाईवे की तकनीकी टीम को निगम अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बाद नेशनल हाईवे विभाग के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर बारिश के मौसम से पहले समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

