सक्ती, 23 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक नाबालिग को प्रेमिका से मुलाकात नहीं होने का इतना गुस्सा आया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कई गांवों में जमकर उत्पात मचा दिया। आरोपियों ने 28 कारों के शीशे तोड़ दिए और 11 वाहनों से सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामले में दो नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 10-11 मई की दरम्यानी रात मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र के काशीगढ़, तुषार, बोदसरा, कचंदा, पीहरीद, छोटे सीपत, कलमी और जमगहान समेत कई गांवों में बदमाशों ने घरों और सड़कों किनारे खड़ी कारों को निशाना बनाया। आरोपियों ने 28 कारों के शीशे तोडऩे के साथ ही 11 कारों से पर्स, नगदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना सहित करीब 47 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया।
पीडि़तों की शिकायत पर मालखरौदा थाना में 6 और जैजैपुर थाना में 5 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 20 से 25 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टॉवर डंप के जरिए करीब 4 हजार मोबाइल नंबरों का सत्यापन किया। जांच के दौरान खरसिया और रायगढ़ में भी छापेमारी की गई।
जांच के दौरान दिल्ली भागने की फिराक में खड़े आरोपी गुलशन कुमार बरेठ को खरसिया रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू और दो नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। इसी बात से नाराज होकर उसने साथियों के साथ मिलकर तोडफ़ोड़ और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 हजार रुपये नकद, 5 जैक, 5 रॉड, 2 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, 2 स्टेपनी टायर और 2 डीजल वाइब्रेटर मशीन बरामद की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

