रुद्रप्रयाग 23 जून (आरएनएस)। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने स्यालसौड़ में निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की ओर से लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की मांग की जा रही है जिसको पूर्ण करने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब 41 करोड़ की लागत से केंद्रीय विद्यालय का आधुनिक भवन तैयार किया जा रहा है। भवन के पूर्ण होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्ट शैक्षिक सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

