बीजापुर, 23 जून (आरएनएस)। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के अंतर्गत उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर ग्राम पोलेम निवासी किसान कन्हैया आत्रम ने खेती में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। परंपरागत खेती करने वाले कन्हैया आत्रम ने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन एवं अनुदान सहायता से 2000 वर्गमीटर क्षेत्र में शेडनेट हाउस स्थापित किया।
शेडनेट हाउस में किसान द्वारा करेला, खीरा, तरोई, बरबटी सहित विभिन्न सब्जियों की उन्नत खेती की जा रही है। इससे अब तक लगभग 2 लाख रुपये का उत्पादन प्राप्त हुआ, जिसमें खर्च निकालने के बाद 1.80 लाख रुपये की शुद्ध आय अर्जित हुई।
इसके अलावा किसान ने खुले क्षेत्र में लाल मिर्च की खेती कर उत्कृष्ट उत्पादन प्राप्त किया। लाल मिर्च से लगभग 7 लाख रुपये की आय हुई, जबकि कुल खर्च करीब 2 लाख रुपये रहा। इस प्रकार किसान को 5 लाख रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हुई।
किसान कन्हैया आत्रम ने बताया कि उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से संपर्क एवं तकनीकी मार्गदर्शन मिलने के बाद उन्होंने आधुनिक खेती की ओर कदम बढ़ाया। विभागीय योजनाओं से मिली सहायता ने उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
किसान की यह सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है तथा आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाकर बेहतर आय अर्जित करने का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

