गुरुग्राम,24 जून(आरएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित विवादित वीडियो को लेकर विवाद थम नहीं रहा है। अब पंजाब पुलिस पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने वीडियो को झूठा साबित करने के लिए 10 लाख रुपये की रिश्वत दी थी। इस मामले में हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। बता दें कि इसी वीडियो के आधार पर श्री अकाल तख्त साहिब ने मान को गुरु और खालसा पंथ विरोधी करार दिया था।
दरअसल, अक्टूबर 2025 में कनाडा के एक शख्स ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें मान जैसा दिखने वाला व्यक्ति सिख गुरुओं की तस्वीरों पर शराब के छींटे मार रहा है। इसके अलावा जरनैल सिंह भिंडरावाले की फोटो पर भी आपत्तिजनक हरकतें करता दिख रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय और आम आदमी पार्टी ने वीडियो को फर्जी बताते हुए दावा किया कि ये एआई से बनाया गया है। वीडियो साझा करने वाला सोशल मीडिया अकाउंट भी ब्लॉक करवा दिया गया।
विवाद बढऩे पर सिखों की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त ने मान को तलब किया। मान अकाल तख्त साहिब के सामने पेश हुए और दावा किया कि वीडियो में दिख रहा शख्स वे नहीं हैं। मान ने वीडियो का सच जानने के लिए सरकारी और स्वतंत्र फोरेंसिक लैब से जांच कराने का वादा किया। इधर अकाल तख्त ने भी अपने स्तर पर वीडियो की जांच कराई। 15 जून को अकाल तख्त की जांच में साबित हुआ कि वीडियो असली है।
15 जून को अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गडग़ज ने मान को अकाल तख्त से झूठ बोलने और गुरुओं की बेअदबी का दोषी मानते हुए उन्हें पंथ विरोधी और गुरु विरोधी घोषित कर दिया। अगले दिन मान ने फिर अपना दावा दोहराते हुए कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स की कद-काठी और शारीरिक बनावट उनसे मेल नहीं खाती। उन्होंने कहा कि वीडियो फर्जी है और एआई के जरिए बनाया गया है।
इस बीच हरियाणा के रहने वाले एक फोरेंसिक विशेषज्ञ जसवीर ने गुरुग्राम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि पंजाब के कुछ अधिकारियों ने उन पर नई फॉरेंसिक रिपोर्ट बनवाने और वीडियो में एआई के जरिए बदलाव करने के लिए दबाव बनाया। इसके लिए 10 लाख रुपये देने का लालच दिया गया। मना करने पर पंजाब के अधिकारियों ने उन्हें धमकाया। जसवीर ने कहा कि उसकी गाड़ी में जबरन 10 लाख रुपये रख दिए गए।
गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में अंकित और अरुण नामक 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एफआईआर में पंजाब सरकार के 2 बड़े अधिकारियों का भी जिक्र है। 16 जून को गुरुग्राम की एक होटल में हुई बैठक का वीडियो भी सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि इसमें लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा और एसपी जशनदीप गिल भी थे। एसपी के नाम से एक कथित व्हाट्सऐप चैट भी सामने आई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

