0 हत्या और दुष्कर्म की आशंका; कई युवक हिरासत में
महासमुंद, 24 जून (आरएनएस)। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झारा में एक 18 वर्षीय युवती की रेत में दफन लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान भारती टंडन, पिता श्यामलाल टंडन के रूप में हुई है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर संघर्ष के निशान मिलने से हत्या की पुष्टि हुई है, जबकि दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे गांव के कुछ लोग गांव से दूर स्थित नाले की ओर गए थे। वहां रेत से मानव शरीर का हिस्सा बाहर दिखाई देने और बदबू आने पर ग्रामीणों ने तत्काल खल्लारी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने रेत में दफन शव को बाहर निकाला। शव की स्थिति काफी खराब थी। मृतका के पैर का हिस्सा जीव-जंतुओं द्वारा क्षतिग्रस्त किया जा चुका था, जबकि निचला हिस्सा बिना कपड़ों के मिला। उसकी लेगिंग कुछ दूरी पर पड़ी हुई थी।

ग्रामीणों की मदद से शव की पहचान भारती टंडन के रूप में की गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव के अत्यधिक डिकंपोज होने और शाम हो जाने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बाद में शव को महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल भेजा गया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा गहरा घाव मिला है, जो किसी धारदार हथियार से किया गया प्रतीत होता है। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक टूट गई थी। इसके अलावा जांघों पर गहरे खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए हत्या से पहले दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।
जन्मदिन की रात घर से हुई थी गायब
परिजनों के अनुसार भारती 19 जून को 18 वर्ष की हुई थी। उसी रात वह घर से अचानक लापता हो गई थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था और संभावना है कि जन्मदिन के अवसर पर वह उससे मिलने घर से निकली हो। अगले दिन परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। तीन दिन बाद 22 जून को उसकी लाश नाले की रेत में दफन अवस्था में मिली।
प्रेमी सहित कई युवकों से पूछताछ
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती के संपर्क में रहने वाले कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जिस युवक के साथ मृतका के प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है, उससे भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
भारती टंडन तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। वह 11वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुकी थी और इस वर्ष 12वीं में प्रवेश लेने वाली थी। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
0

