हरिद्वार 24 जून (आरएनएस)। बीएचईएल में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला की दाहिनी टांग की हड्डी कई स्थानों से टूट गई। घायल महिला का हायर सेंटर में ऑपरेशन कराया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सेक्टर-5बी बीएचईएल निवासी परवीन कुमार वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी आकांक्षा वर्मा 18 जून की सुबह स्कूटी से रानीपुर मोड़ की ओर जा रही थीं। करीब आठ बजे सेक्टर-1 स्थित शिव मंदिर चौक के निकट पीछे से आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आकांक्षा सड़क पर जा गिरीं और कार का पहिया उनकी दाहिनी टांग के ऊपर से गुजर गया। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और पैर की हड्डी कई जगह से टूट गई। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। जौलीग्रांट अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

