राजनांदगांव, 24 जून (आरएनएस)। राजनांदगांव पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास, कार्यकुशलता में वृद्धि, अनुशासन सुदृढ़ीकरण तथा बेहतर पुलिसिंग के उद्देश्य से दक्ष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 300 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस सेवा के दौरान आने वाली चुनौतियों, मानसिक दबाव, कार्य संबंधी कठिनाइयों और व्यवहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी लापरवाहियां और विभागीय नियमों की अनदेखी कई बार गंभीर परिणाम उत्पन्न कर देती हैं, जिससे कर्मियों को विभागीय जांच, पुलिस लाइन अटैचमेंट अथवा निलंबन जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, संवेदनशीलता, पारदर्शिता, समयबद्ध कार्रवाई तथा आमजन के प्रति सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य के दौरान सामने आने वाली सामान्य त्रुटियों और कमियों की जानकारी देते हुए उनसे बचने की सलाह दी।
कार्यक्रम की विशेषता पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ किया गया सीधा संवाद रहा। इस दौरान जवानों और अधिकारियों को अपने सुझाव, विचार एवं समस्याएं खुलकर रखने का अवसर मिला। पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, आधुनिक और जनहितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए।
आयोजन के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न विषयों पर अपने सवाल रखे। उत्कृष्ट सहभागिता, उपयोगी सुझाव और सकारात्मक पहल प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इससे उपस्थित कर्मियों में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, अलेक्जेंडर कीरो, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी के.पी. मरकाम सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवादात्मक आयोजनों से वरिष्ठ अधिकारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और राजनांदगांव पुलिस की सकारात्मक छवि को और अधिक सशक्त करने का आह्वान किया।
०





