राजनांदगांव, 24 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध कबाड़ कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बागनदी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ सामग्री से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक सहित कुल 11 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डोंगरगढ़ केशरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लीलैंड 16 चक्का ट्रक (क्रमांक सीजी 04 जेडी 6297) में बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री परिवहन की जा रही है।
सूचना के आधार पर थाना बागनदी पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान ट्रक में साइकिल कटिंग, लोहे की चादरें, विभिन्न आकार के सरिया, नट-बोल्ट सहित अन्य कबाड़ सामग्री मिली। पुलिस द्वारा दस्तावेजों की मांग किए जाने पर चालक सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने ट्रक एवं कबाड़ सामग्री को जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 11.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में चालक अतुल मिश्रा (55 वर्ष), निवासी दमोह नाका, इमली पेड़ के पास, थाना एवं जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) ने बताया कि वह राजनांदगांव से कबाड़ सामग्री लेकर नागपुर (महाराष्ट्र) जा रहा था। दस्तावेज नहीं होने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागनदी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, उप निरीक्षक देवादास भारती, आरक्षक टाकेश्वर पटेल तथा आरक्षक संतोष महिपाल की सराहनीय भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

