राजनांदगांव, 24 जून (आरएनएस)। नगर निगम का कर्मचारी बनकर अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों और सतत पतासाजी के आधार पर रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे (40 वर्ष) निवासी ग्राम मोहतरा, थाना लोरमी, जिला मुंगेली तथा वर्तमान में इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी, रायपुर का रहने वाला है। आरोपी स्वयं को नगर निगम राजनांदगांव का कर्मचारी (बाबू) बताकर लोगों को झांसे में लेता था और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से अच्छी पहचान होने का दावा कर उनका विश्वास जीतता था।
मामले में प्रार्थी ईशनिवय सिंह ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2024 में वह अपने मित्र प्रकाश कौशिक के साथ अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड योजना के तहत मकान संबंधी जानकारी लेने नगर निगम पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात योगेश्वर पाण्डे से हुई। आरोपी ने मकान आवंटित कराने का भरोसा दिलाते हुए योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया और कई लोगों से कुल 8 लाख 17 हजार रुपये हासिल कर लिए।
शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को रायपुर से हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की वारदात को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक गोवर्धन देशमुख, उप निरीक्षक जीवराज रावटे, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक कीर्तन अहीर, फागू साहू, चन्द्रशेखर श्रीवास सहित थाना बसंतपुर स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

