धमतरी, 24 जून (आरएनएस)। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार दिन पहले पकड़े गए आरोपी को आर्थिक सहायता और वाहन उपलब्ध कराने वाले सहयोगी को भी दबोच लिया है।
जानकारी के अनुसार, 19 जून 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित करीब 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(क), 29 और 27-ए के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी मुकेश साहू से पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभिनय तिवारी उर्फ लवली हेरोइन की खरीद के लिए पैसे उपलब्ध कराता था और उसी के निर्देश पर मादक पदार्थ मंगवाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि राजनांदगांव से हेरोइन लाने के लिए मुकेश को नगद राशि और मोटरसाइकिल भी अभिनय तिवारी ने ही उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी अभिनय तिवारी उर्फ लवली (37 वर्ष), निवासी आमातालाब रोड, गली नंबर-4, धमतरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी हेरोइन तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में हेरोइन सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपी हैप्पी सरदार की तलाश जारी है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

